विदेश

कतर में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी, बिना जरूरत बाहर न निकलने की अपील

दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने कतर में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों से मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

शुक्रवार को जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षित स्थानों पर रहें और कतर के गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। लोगों को खास तौर पर खुली जगहों और खिड़कियों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

कतर का एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद

दूतावास ने बताया कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण कतर का एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिसके चलते कई फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइंस से लगातार संपर्क में रहें। कतर एयरवेज ने कहा है कि वह 7 मार्च को दोहा समयानुसार सुबह 9 बजे अगला अपडेट जारी करेगी।

ट्रांजिट में फंसे भारतीयों के लिए सुविधा

दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने ट्रांजिट में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए एक रजिस्ट्रेशन लिंक भी शुरू किया है। इसके जरिए जरूरतमंद यात्रियों को सऊदी अरब के लिए अस्थायी ट्रांजिट वीजा दिलाने में मदद की जाएगी, बशर्ते उनके पास आगे की यात्रा का कन्फर्म टिकट हो।

कुछ यात्रियों को मिल सकता है वीजा ऑन अराइवल

दूतावास के अनुसार जिन भारतीयों के पास पहले से इस्तेमाल किया हुआ अमेरिका, यूके या शेंगेन वीजा है, वे सऊदी अरब में वीजा ऑन अराइवल के पात्र हो सकते हैं। अन्य यात्रियों को सामान्य प्रक्रिया के तहत सऊदी वीजा के लिए आवेदन करना होगा।

दूतावास ने कहा कि कतर में रह रहे भारतीयों की मदद के लिए उसकी हेल्पलाइन सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं और जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक उनसे संपर्क कर सकते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button