भारत

PM मोदी ने की उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक, पाकिस्तान को दिया सख्त जवाब

भारत द्वारा शनिवार तड़के पाकिस्तान के चार एयरबेस पर की गई जवाबी कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद थे।

यह बैठक पाकिस्तान द्वारा शुक्रवार को भारत के 26 स्थानों पर किए गए हमलों के जवाब में हुई सैन्य कार्रवाई के मद्देनज़र बुलाई गई थी।

शनिवार को विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता में मीडिया को ताजा हालात की जानकारी दी। विदेश सचिव ने पाकिस्तान की हरकतों को “उकसावे वाली” और “स्थिति को भड़काने वाली” बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने जिम्मेदारी और संतुलन के साथ प्रतिक्रिया दी है।

विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पाकिस्तान की ओर से एस-400 सिस्टम, एयरबेस, ब्रह्मोस फैसिलिटी और तोपखाने को नुकसान पहुंचाने के जो दावे किए जा रहे हैं, वे पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित दुष्प्रचार है, जिससे भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

भारत ने यह भी बताया कि पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर ड्रोन के ज़रिए घुसपैठ की कोशिशें और भारी गोलाबारी की घटनाएं बढ़ी हैं। इनमें कई नागरिक इलाकों को नुकसान पहुंचा है और कुछ नागरिकों के घायल होने की भी खबर है।

भारत ने साफ किया है कि वह अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा और पाकिस्तान के किसी भी उकसावे का उचित जवाब देगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button