भारत
पिथौरागढ़: भूस्खलन से एनएचपीसी पावर हाउस में फंसे 19 मजदूर, रेस्क्यू जारी

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (NHPC) के पावर हाउस का रास्ता बंद हो गया। इस हादसे में करीब 19 मजदूर अंदर फंस गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, भूस्खलन से बड़े-बड़े पत्थर सुरंग के मुहाने पर गिर गए हैं, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि मजदूरों से लगातार संपर्क बना हुआ है और उनके पास खाने-पीने का पर्याप्त सामान मौजूद है।
धारचूला के उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने कहा कि मलबा हटाने का काम जारी है और उम्मीद है कि शाम तक रास्ता साफ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन की मदद से जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। हालांकि लगातार मलबा गिरने से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है, लेकिन बचाव कार्य लगातार जारी है।





