भारत

Parliament Winter Session Live Updates: संसद सत्र के दूसरे दिन दोनों सदनों में जोरदार हंगामा, राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

संसद का शीतकालीन सत्र मंगलवार को अपने दूसरे दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया. लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया. विपक्ष की ओर से SIR मामले को लेकर सरकार पर लगातार निशाना साधा जा रहा है, जबकि सत्ता पक्ष चाहता है कि सदन में महत्वपूर्ण विधेयकों पर सार्थक बहस हो.

राज्यसभा में ऐतिहासिक दिन

सोमवार को राज्यसभा में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राज्यसभा के सभापति के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली. यह उनका इस पद पर पहला दिन था. सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए सभापति का हार्दिक स्वागत किया. पीएम मोदी ने एक विस्तृत संबोधन में सीपी राधाकृष्णन के अनुभव और उनसे मिलने वाले मार्गदर्शन की प्रशंसा की.

14 विधेयकों को पारित कराने का लक्ष्य

संसद के शीतकालीन सत्र में कुल 15 बैठकें निर्धारित हैं. इस सत्र के दौरान केंद्र सरकार ने 14 महत्वपूर्ण विधेयक पारित कराने का लक्ष्य रखा है. सरकार द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले विधेयकों में दिवाला कानून, बीमा कानून, सिक्योरिटीज मार्केट, कॉर्पोरेट कानून, राष्ट्रीय राजमार्ग, उच्च शिक्षा आयोग, एटॉमिक एनर्जी, जीएसटी और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित सेस बिल शामिल हैं.

हालांकि, विपक्ष के लगातार हंगामे को देखते हुए यह स्पष्ट नहीं है कि सरकार अपने विधायी एजेंडे को कितनी सुचारू रूप से आगे बढ़ा पाएगी.

यहां पढ़ें पल-पल की अपडेट्स

  • SIR पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “हमने बार-बार शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से चर्चा करने की अपील की है. हमने हमेशा कहा है कि एक मुद्दा उठाने के लिए आप दूसरे मुद्दों पर समझौता नहीं कर सकते. कुछ पार्टियों का सदन में रुकावट डालना ठीक नहीं है. चुनाव में जीत और हार तो होती ही रहती है लेकिन इस हार का गुस्सा संसद में निकालना ठीक नहीं है. हम किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं. मैं विपक्षी सांसदों से अपील करता हूं कि वे सदन की कार्यवाही में रुकावट न डालें.”
  • SIR पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों के नारे लगाने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
  • जोरदार हंगामे के बीच लोकसभा को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है.

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button