भारत में लॉन्च हुए Oakley Meta Vanguard AI स्मार्ट ग्लासेस, जानिए कीमत और फीचर्स

Meta ने भारत में आधिकारिक तौर पर अपने नए स्पोर्ट्स AI-पावर्ड स्मार्ट ग्लासेस Oakley Meta Vanguard लॉन्च कर दिए हैं। ये स्मार्ट चश्मे मशहूर स्पोर्ट्स ब्रांड Oakley के साथ मिलकर बनाए गए हैं और खास तौर पर धावकों, साइकिल चालकों और फिटनेस एथलीटों को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किए गए हैं।
Meta ने मंगलवार, 3 फरवरी को जारी प्रेस रिलीज़ में बताया कि Oakley Meta Vanguard हाई-इंटेंसिटी स्पोर्ट्स के लिए तैयार की गई स्मार्ट ग्लासेस की एक नई कैटेगरी है। इनमें फिटनेस से जुड़े कई स्मार्ट फीचर्स, एक्शन-रेडी कैमरा और ओपन-ईयर ऑडियो सिस्टम दिया गया है, जिससे खिलाड़ी ट्रेनिंग के दौरान अपने आसपास की आवाज़ें भी सुन सकते हैं।
चार स्टाइल ऑप्शन में उपलब्ध
Oakley Meta Vanguard स्मार्ट ग्लासेस भारत में चार फ्रेम और लेंस कलर ऑप्शन में लॉन्च किए गए हैं:
ब्लैक फ्रेम विद Prizm™ 24K
व्हाइट फ्रेम विद Prizm™ ब्लैक
ब्लैक फ्रेम विद Prizm™ रोड
व्हाइट फ्रेम विद Prizm™ सफायर
इन स्मार्ट ग्लासेस की शुरुआती कीमत 52,300 रुपये रखी गई है। ग्राहक इन्हें देशभर में Sunglass Hut और Lenskart के रिटेल स्टोर्स से खरीद सकते हैं।
Ray-Ban Meta के बाद दूसरा बड़ा लॉन्च
भारत में Oakley Meta Vanguard का लॉन्च, Meta द्वारा कुछ महीने पहले Ray-Ban Meta (Gen 2) स्मार्ट ग्लासेस लॉन्च करने के बाद हुआ है। Ray-Ban Meta Gen 2 ग्लासेस बेहतर कैमरा और कैप्चर क्वालिटी के साथ आते हैं और इनकी शुरुआती कीमत 39,900 रुपये है।
सीमित इन्वेंट्री के कारण कुछ देशों में लॉन्च रुका
जनवरी 2026 में Meta ने जानकारी दी थी कि अमेरिका में जबरदस्त मांग और इन्वेंट्री की कमी के कारण उसने Ray-Ban Display Glasses और Neural Band के ग्लोबल लॉन्च को अस्थायी रूप से रोक दिया है। कंपनी इन्हें यूके, फ्रांस, इटली और कनाडा में लॉन्च करने की योजना बना रही थी, लेकिन फिलहाल अमेरिकी ग्राहकों को प्राथमिकता दी जा रही है।
Oakley Meta Vanguard के खास AI फीचर्स
Meta के अनुसार, Oakley Meta Vanguard स्मार्ट ग्लासेस में भारत के लिए खास AI फीचर्स जोड़े गए हैं। इनमें मौजूद Meta AI Assistant हिंदी, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं को सपोर्ट करता है। इसके अलावा यूज़र AI की आवाज़ को सेलिब्रिटी वॉयस में भी बदल सकते हैं, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की अंग्रेज़ी आवाज़ भी शामिल है।
अब चश्मे से ही UPI पेमेंट
Oakley Meta Vanguard में UPI Lite पेमेंट फीचर भी दिया गया है। इसके जरिए यूज़र सीधे अपने चश्मे से 1,000 रुपये से कम का UPI QR कोड पेमेंट कर सकते हैं। बस QR कोड की तरफ देखकर “Hey Meta, scan karo aur payment karo” कहना होगा। यह पेमेंट WhatsApp से जुड़े बैंक अकाउंट के जरिए प्रोसेस होगा, जिससे रोजमर्रा के छोटे लेन-देन और भी आसान हो जाएंगे।





