OTT पर ई-सिगरेट के प्रचार का आरोप, NHRC ने उठाया सख्त कदम

नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज़ हुई वेब सीरीज़ ‘The Ba**ds of Bollywood’ जहां एक ओर दर्शकों और समीक्षकों से तारीफें पा रही है, वहीं दूसरी ओर यह अब एक बड़े विवाद में फंसती नजर आ रही है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इस वेब सीरीज़ को लेकर सूचना और प्रसारण मंत्रालय और मुंबई पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिनेता रणबीर कपूर को स्क्रीन पर ई-सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है, और उस सीन के साथ कोई स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी या वैधानिक डिस्क्लेमर नहीं था। यह सीधा-सीधा भारत के Prohibition of Electronic Cigarettes Act, 2019 का उल्लंघन माना जा रहा है, जो देश में ई-सिगरेट के उत्पादन, बिक्री और प्रचार को पूरी तरह प्रतिबंधित करता है।
NHRC ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकार से ऐसे कंटेंट पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की अपील की है। आयोग ने विशेष रूप से कहा है कि ऐसे दृश्य युवाओं पर बुरा असर डाल सकते हैं और समाज में गलत संदेश फैलाते हैं। NHRC ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर रणबीर कपूर, प्रोड्यूसर्स, प्रोडक्शन हाउस और नेटफ्लिक्स के खिलाफ FIR दर्ज करने की भी सिफारिश की है। हालांकि, अब तक इस मामले पर न तो नेटफ्लिक्स, न ही रणबीर कपूर या फिल्म की टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
यह वेब सीरीज़ खासतौर पर चर्चा में इसलिए भी है क्योंकि यह शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की डायरेक्टोरियल डेब्यू है। इसे गौरी खान ने रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। सीरीज़ में लक्ष्य, राघव जुयाल, सहर बांबा, मोना सिंह, मनोज पाहवा और गौतमी कपूर जैसे कलाकार शामिल हैं। सीरीज़ की कहानी बॉलीवुड की अंदरूनी दुनिया पर आधारित है और इसे हल्के-फुल्के लेकिन तीखे व्यंग्य के साथ पेश किया गया है।
Hindustan Times की समीक्षा के अनुसार, “इस सीरीज़ की खासियत इसके कैमियो या स्टारकास्ट नहीं, बल्कि इसका यह अंदाज है कि यह फिल्म इंडस्ट्री के छिपे हुए पहलुओं को बिना ज्यादा गंभीर हुए दर्शाती है। आर्यन खान ने बॉलीवुड की दुनिया को ऐसे अंदाज में पेश किया है जैसा शायद पहले नहीं देखा गया।”
फिलहाल दर्शक इस सीरीज़ का आनंद ले रहे हैं, लेकिन NHRC की सिफारिश और कानूनी प्रक्रिया के चलते इसकी टीम को आने वाले दिनों में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।





