ताज़ा खबरेंभारत

काशी विश्वनाथ मंदिर में बना नया रिकॉर्ड! 1.6 करोड़ श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तर प्रदेश के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आस्था की लहर एक नया इतिहास रच चुकी है। पौष पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 1.6 करोड़ से भी अधिक पहुंच गई। यह आंकड़ा अब तक के किसी भी एक महीने में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड बन गया है।

माघ पूर्णिमा के दिन ही सात लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि महाकुंभ से लौटने वाले श्रद्धालुओं और पांच प्रमुख स्नानों के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इससे पहले काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद एक महीने में 1.25 करोड़ श्रद्धालुओं के दर्शन करने का रिकॉर्ड था, जो इस बार टूट गया।

मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि महाशिवरात्रि तक यह संख्या 2 करोड़ के पार पहुंच सकती है। लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के कारण मंदिर प्रशासन सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटा हुआ है।

श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ-साथ दान में भी नया रिकॉर्ड बना है। एक महीने के दौरान 7 करोड़ से अधिक नकद चढ़ावा मंदिर की हुंडी में जमा हुआ। काशी विश्वनाथ मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि यह राशि सिर्फ नकद दान की है। इसमें सोना-चांदी और ऑनलाइन दान शामिल नहीं हैं, जिसकी गिनती अभी बाकी है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में यह रिकॉर्ड न सिर्फ श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाता है, बल्कि महाकुंभ 2025 और शिवरात्रि पर्व के दौरान भक्तों की बढ़ती संख्या के संकेत भी देता है। आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और नया इतिहास रच सकता है।

Show More
Back to top button