भारत

300 से ज्यादा पाकिस्तानी ड्रोन सीमा में घुसे, सेना ने मार गिराए: विदेश मंत्रालय

भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। 7 और 8 मई की रात पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। इस हमले में पाकिस्तान ने तुर्की के बनाए हुए ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया, लेकिन भारतीय सेना ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया।

विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने भारत के कई सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। इसके तहत न सिर्फ हवाई हमले की कोशिश हुई, बल्कि नियंत्रण रेखा पर भारी कैलिबर के हथियारों से गोलीबारी भी की गई। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय वायु क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए बड़े पैमाने पर ड्रोन भेजे। करीब 300 से 400 ड्रोन सीमा पार कर भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।


भारतीय सशस्त्र बलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कई ड्रोन को मार गिराया। इन ड्रोन का मलबा बरामद कर फोरेंसिक जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्टों में यह सामने आया है कि इनमें से कई ड्रोन तुर्की के “अस्सिगार्ड सोंगर” मॉडल के थे। माना जा रहा है कि पाकिस्तान की इस कार्रवाई का उद्देश्य भारतीय वायु रक्षा प्रणालियों की जांच करना और खुफिया जानकारी एकत्र करना था।


इस हमले को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय शहरों, नागरिक और सैन्य ढांचों को निशाना बनाकर एक उकसावे वाली कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि भारत ने इसका जवाब अनुशासित, जिम्मेदारीपूर्ण और पर्याप्त तरीके से दिया है। पाकिस्तान की ओर से किए गए इस हमले का इनकार उनके दोहरे चरित्र और नकारात्मक रवैये को दिखाता है।


भारत की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि देश की सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे किसी भी प्रयास का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button