भारत

केरल के त्रिशूर में भीषण विस्फोट: मौतों का आंकड़ा 13 पहुंचा, घायलों की हालत नाजुक

केरल के त्रिशूर जिले के मुंडथिकोड में पटाखा भंडारण केंद्र में हुए भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 15 लोग घायल हैं और उनका इलाज जारी है। घायलों में से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, दो मरीज वेंटिलेटर पर हैं और 10 लोगों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। इलाज में मदद के लिए पलक्कड़ और एर्नाकुलम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम भी पहुंची है।

विस्फोट इतना भयावह था कि कई शव बुरी तरह जल गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। अब तक 7 शव पूरे मिले हैं, जबकि कुछ शरीर के हिस्से 200 मीटर दूर तक बिखरे मिले हैं। पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है, जिसमें राजीव गांधी इंस्टीट्यूट की मदद ली जा रही है।

राज्य सरकार ने इस घटना को विशेष आपदा घोषित किया है। मृतकों के परिवारों को 14 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। साथ ही सभी घायलों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा और राहत कार्यों के लिए 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं। स्थिति संभालने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।

घटना की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश सी.एन. रामचंद्रन की अगुवाई में न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा एक विशेष जांच दल (SIT) भी बनाई गई है, जो हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में फोरेंसिक सबूत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विस्फोट के समय वहां करीब 32 लोग मौजूद थे, हालांकि सही संख्या की पुष्टि अभी बाकी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button