भारत

महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि: पीएम मोदी समेत देशभर के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि और शहीद दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि बापू के आदर्श विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा देते हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि पूज्य बापू स्वदेशी के प्रबल समर्थक थे, जो आज के विकसित भारत के संकल्प की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके विचार देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में अहिंसा के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि अहिंसा में वह शक्ति है, जो बिना हथियार के भी दुनिया को बदल सकती है। उन्होंने अहिंसा को परम धर्म और परम सत्य बताया।

इस मौके पर नई दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी समाधि पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बापू की समाधि पर श्रद्धांजलि दी।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के आदर्श न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व को मानवता का मार्ग दिखाते हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि बापू ने स्वच्छता को स्वराज की आधारशिला माना और आज हमें स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ उनके सपनों का भारत बनाने का प्रण लेना चाहिए।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और एकता के संदेश से मानवता की सेवा का मार्ग दिखाया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बापू का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा का अमर संदेश है, जो हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बापू का सत्यनिष्ठ जीवन, अहिंसा की साधना और मानवता के प्रति करुणा पूरी दुनिया को आलोकित करती रहेगी। उन्होंने सभी से गांधी के आदर्शों को अपनाकर समृद्ध और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा की शक्ति सत्ता, हिंसा और भय से कहीं बड़ी है, और यही सोच भारत की आत्मा में हमेशा जीवित रहेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बापू को याद करते हुए कहा कि नफरत का जवाब सत्य, अहिंसा और प्रेम की राह से ही दिया जा सकता है। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महात्मा गांधी ने भाषा, जाति और क्षेत्र में बंटे देश को एक सूत्र में बांधकर आजादी के आंदोलन को व्यापक बनाया।

हर साल 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस दिन देश उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को भी श्रद्धांजलि देता है, जिन्होंने भारत की आजादी और एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button