कुणाल कामरा ने शिवसेना पर फिर साधा निशाना, विवादित टिप्पणी के बाद कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर शिवसेना पर निशाना साधते नजर आए हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष करने के बाद विवादों में घिरे कामरा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर व्यंग्य करते हुए एक पैरोडी गाना गाया।
वीडियो में कामरा ने “हम होंगे कंगाल एक दिन” नामक पैरोडी गीत प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने देश में बढ़ती असहिष्णुता, बेरोजगारी और सांप्रदायिक तनाव को लेकर कटाक्ष किया। इस वीडियो में मुंबई के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में हुई तोड़फोड़ के दृश्य भी शामिल थे।
View this post on Instagram
कामरा ने अपने हालिया स्टैंड-अप शो में एकनाथ शिंदे का नाम लिए बिना उनके राजनीतिक सफर पर तंज कसा था। उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति में आए बड़े बदलावों, शिवसेना और एनसीपी के विभाजन पर भी व्यंग्य किया।
हालांकि, उनकी टिप्पणी के बाद रविवार रात शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की। कार्यकर्ताओं ने क्लब के साथ-साथ उस होटल को भी नुकसान पहुंचाया, जिसके परिसर में यह क्लब स्थित था।
इस विवाद के बीच कुणाल कामरा ने शिंदे से माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अपने बयान पर कायम हैं और राजनीतिक कटाक्ष करने का उनका अधिकार सुरक्षित है। साथ ही, उन्होंने कॉमेडी क्लब में हुई तोड़फोड़ की कड़ी आलोचना की। यह विवाद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।





