नई AC खरीदने से पहले जान लें ये नियम, सरकार तय कर सकती है तापमान की सीमा

अब अगर आप नया एयर कंडीशनर खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। जल्द ही बाजार में मिलने वाले एसी में तापमान की सीमा तय हो सकती है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने जानकारी दी है कि सरकार एयर कंडीशनर के न्यूनतम और अधिकतम तापमान को तय करने पर विचार कर रही है। इसके तहत, एसी का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम और 28 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नहीं किया जा सकेगा।
ऊर्जा मंत्रालय के अधीन काम कर रही ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) इस प्रस्ताव पर काम कर रही है। इस पहल का उद्देश्य बिजली की अनावश्यक खपत को नियंत्रित करना और ऊर्जा की बचत को बढ़ावा देना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह नियम सिर्फ घरेलू और दफ्तरों में लगे एसी के लिए ही नहीं, बल्कि कारों में इस्तेमाल होने वाले एयर कंडीशनर पर भी लागू हो सकता है।
ऊर्जा सचिव पंकज अग्रवाल ने इस फैसले की जरूरत पर रोशनी डालते हुए बताया कि देश में इस समय करीब 10 करोड़ एयर कंडीशनर उपयोग में हैं और हर साल लगभग 1.5 करोड़ नए एसी खरीदे जाते हैं। उन्होंने बताया कि जब एसी का तापमान सिर्फ 1 डिग्री कम किया जाता है, तो बिजली की खपत में करीब 6% की वृद्धि हो जाती है। ऐसे में यदि एसी का तापमान एक निश्चित सीमा में रखा जाए, तो इससे बड़ी मात्रा में ऊर्जा की बचत हो सकती है।
फिलहाल इस प्रस्ताव पर विचार-विमर्श जारी है और BEE इसका फ्रेमवर्क तैयार कर रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक तापमान की इस सीमा को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। साथ ही, इसके दिशा-निर्देश कब तक लागू किए जाएंगे, इस पर भी फिलहाल कोई स्पष्ट समयसीमा तय नहीं हुई है।
ऊर्जा मंत्रालय का मानना है कि यह कदम न केवल देश की बिजली खपत को संतुलित करेगा, बल्कि आम नागरिकों को भी जागरूक और ऊर्जा के प्रति जिम्मेदार बनाएगा।





