‘केसरी 2’ का नया गाना ‘ओ शेरा’ रिलीज, देशभक्ति और जज़्बे से भरपूर है ये ट्रैक

अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ को लेकर फैन्स में जबरदस्त उत्साह है। जैसे-जैसे फिल्म की रिलीज़ डेट (18 अप्रैल) नजदीक आ रही है, मेकर्स भी फिल्म का माहौल गर्माने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में फिल्म का नया गाना ‘ओ शेरा (तीर ते ताज फिल्म वर्जन)’ रिलीज कर दिया गया।
ज़ी म्यूज़िक कंपनी ने इस गाने को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा:
“अब समय आ गया है सच्चाई की गूंज सुनने और वीरता की ताकत महसूस करने का। ‘ओ शेरा’ गाना अब आउट है। #KesariChapter2 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में, दुनियाभर में।”
View this post on Instagram
ये गाना देशभक्ति, साहस और बलिदान की भावना से भरपूर है। इसमें जलियांवाला बाग हत्याकांड की पीड़ा और उस दौर के संघर्ष को दिखाया गया है। गाने के विजुअल्स और म्यूज़िक दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं और फिल्म के गंभीर और भावनात्मक माहौल की झलक देते हैं।
केसरी 2 की कहानी आज़ादी की लड़ाई के एक और अहम लेकिन कम चर्चित अध्याय पर आधारित है। इस बार अक्षय कुमार महान वकील और स्वतंत्रता सेनानी सी. शंकरण नायर की भूमिका में नजर आएंगे, जिन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद ब्रिटिश हुकूमत की सच्चाई को उजागर करने के लिए संघर्ष किया था।
फिल्म में आर. माधवन और अनन्या पांडे भी अहम किरदारों में हैं। बता दें कि ‘केसरी’ का पहला भाग 2019 में आया था, जो सारागढ़ी की लड़ाई पर आधारित था। अब केसरी 2 एक और ऐतिहासिक घटना को लेकर आ रही है, जो दर्शकों को आज़ादी की लड़ाई के उस दौर में ले जाएगी।
फिल्म 18 अप्रैल को दुनियाभर में रिलीज़ होगी और इसके साथ ही एक बार फिर देशभक्ति की कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।





