
भारतीय टी20 टीम के कप्तान और मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी के घर खुशियों ने दस्तक दी है। गुरुवार को दोनों ने एक बेटी का स्वागत किया। इस खास मौके की जानकारी सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की। उन्होंने लिखा, “हंसी, छोटे-छोटे नन्हे कदम और सपनों के साथ हम अपनी बेटी का स्वागत करते हैं।”
इस खुशखबरी के बाद क्रिकेट जगत से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी और उनके साथी खिलाड़ी दीपक चाहर ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव इस समय मुंबई इंडियंस के उस पहले ग्रुप का हिस्सा नहीं थे, जो आईपीएल 2026 के आगामी मैच के लिए रायपुर गया था। उन्होंने हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टीम की कप्तानी भी की थी।
सूर्यकुमार यादव ने कई बार अपनी सफलता का श्रेय पत्नी देविशा को दिया है। उन्होंने बताया था कि 2018 में देविशा के एक सवाल ने उनकी जिंदगी बदल दी थी, जब उन्होंने पूछा था कि वह भारत के लिए कैसे खेलना चाहते हैं। इसके बाद दोनों ने अपने जीवनशैली में कई बदलाव किए और अपने करियर पर पूरी तरह फोकस किया।
आज सूर्यकुमार यादव भारतीय टी20 टीम के कप्तान हैं और 2026 में टीम को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभा चुके हैं।





