Champions Trophy से पहले टीम इंडिया को झटका, जसप्रीत बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर

चैपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टीम से बाहर कर दिया गया है. बुमराह की जगह युवा पेसर हर्षित राणा को टीम में मौका दिया गया है, साथ ही यशस्वी जायसवाल की जगह वरुण चक्रवर्ती की एंट्री हो गई है.
दरअसल BCCI ने 11 फरवरी की देर रात ट्वीट कर जानकारी दी कि भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के चलते चैपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए. 19 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए सभी टीमों को 11 फरवरी तक आईसीसी को अपना फाइनल स्क्वॉड भेजना था. मगर बुमराह डेडलाइन तक अपनी इंजरी से उबर नहीं पाए.
चयन समिति ने पाकिस्तान में 19 फरवरी से शुरू होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए बुमराह की जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया है. चयनकर्ताओं ने वरुण चक्रवर्ती को भी टीम में शामिल किया है, वह यशस्वी जायसवाल की जगह लेंगे, जिन्हें शुरुआत में घोषित टीम में शामिल किया गया था. हाइब्रिड मॉडल समझौते के तहत भारत टूर्नामेंट के अपने सभी मुकाबले दुबई में खेलेगा.
इंग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू करने वाले युवा पेसर हर्षित राणा को जसप्रीत बुमराह का रिप्लेसमेंट बनाया गया है. मौके का फायदा उठाते हुए अपने पहले मैच में सभी को प्रभावित किया था. दूसरी ओर वरुण चक्रवर्ती को भी टीम में शामिल किया गया है जो स्पिनर यशस्वी जायसवाल की जगह लेंगे, जिन्हें शुरुआत में अस्थायी टीम में रखा गया था.
एनसीए का कहना है कि बुमराह की मेडिकल रिपोर्ट ठीक है, लेकिन वह गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं. अधिकारी ने यह भी पुष्टि की कि बुमराह की स्कैन रिपोर्ट ठीक थी, लेकिन एनसीए प्रमुख नितिन पटेल ने अगरकर पर अंतिम निर्णय छोड़ दिया क्योंकि बुमराह का मैच की स्थिति में टेस्ट नहीं किया गया था. एनसीए प्रमुख नितिन पटेल द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि उन्होंने अपना पुनर्वास पूरा कर लिया है और स्कैन रिपोर्ट ठीक लग रही है, लेकिन यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता है कि टूर्नामेंट शुरू होने तक वह गेंदबाजी के लिए फिट होंगे या नहीं. इसलिए चयनकर्ताओं ने कोई जोखिम नहीं उठाया.
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए घोषित भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा और वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं.





