दृश्यम 3 में अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत की एंट्री, फीस और हेयरस्टाइल बनी वजह

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर अक्षय खन्ना, जो इन दिनों धुरंधर में रहमान डकैत के किरदार के लिए खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं, अजय देवगन की दृश्यम 3 से बाहर हो गए हैं. पैनोरामा स्टूडियोज के प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने कंफर्म किया है कि अब जयदीप अहलावत अक्षय खन्ना को रिप्लेस करेंगे. कहा जा रहा है कि एक्टर ने फीस और कई अन्य़ इश्यू की वजह से इस फिल्म को छोड़ दिया है. वहीं अब ‘दृश्यम 3’ के प्रोड्यूसर ने अक्षय खन्ना के फिल्म छोड़ने की असल वजह का खुलासा किया है.
फीस विवाद बना मुख्य कारण
‘दृश्यम 3’ के प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने खुलासा किया है कि आखिर क्या हुआ था और अक्षय खन्ना इस अब फिल्म का हिस्सा क्यों नहीं हैं. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कुमार मंगत पाठक ने अपनी बात शुरू करते हुए बताया कि अभिनेता के साथ ऑफिशियल कॉन्ट्रेक्ट साइन हो चुका था और कई दौर की बातचीत के बाद उनकी फीस तय की गई थी. उन्होंने कहा, “हमने अक्षय खन्ना के साथ एग्रीमेंट किया था. उनकी फीस भी उनकी तरफ से कई बार बातचीत के बाद तय हुई थी. उन्होंने ज़िद की कि वो विग पहनना चाहेंगे. लेकिन (निर्देशक) अभिषेक पाठक ने उन्हें समझाया कि ये प्रैक्टिकल नहीं होगा, क्योंकि इससे फिल्म की कंटीन्यूटी में समस्या आएगी, क्योंकि दृश्यम 3 एक सीक्वल है. उन्होंने उनकी बात समझ ली और अपनी यह मांग छोड़ दी.”
हेयरस्टाइल को लेकर भी थे मतभेद
प्रोड्यूसर ने आगे बताया कि दृश्यम 3 में आईजी तरुण अहलावत के किरदार के हेयरस्टाइल को लेकर अक्षय खन्ना के साथ कुछ मतभेद थे. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय खन्ना की डिमांड थी कि वह फिल्म में विग पहनें. हालांकि टीम ने बातचीत के बाद मतभेद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर अक्षय ने इस मुद्दे पर कॉल उठाना बंद कर दिया.
लीगल नोटिस की तैयारी
मंगत ने कहा कि अक्षय खन्ना ने फोन उठाना बंद कर दिया है, जिसके चलते उनकी प्रोडक्शन कंपनी अक्षय खन्ना को लीगल नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है.
दृश्यम फ्रेंचाइज में अक्षय का किरदार
दृश्यम फ्रेंचाइज में 2022 में अक्षय खन्ना ने आईजी तरुण अहलावत का किरदार निभाया था, जो अजय देवगन के विजय सलगांवकर के किरदार को आईजी मीरा देशमुख (तब्बू) के बेटे सैम के मर्डर के इल्जाम में जेल भेजना चाहता है.





