इराक़ में श्रीलंका जैसे हालात, प्रदर्शनकारियों ने बग़दाद की संसद भवन में किया कब्ज़ा

इराक़ में श्रीलंका जैसे हालात, हज़ारों प्रदर्शनकारियों ने बग़दाद की संसद भवन में किया कब्ज़ा
अब इराक में भी श्रीलंका जैसा हालात बन गए हैं। बुधवार को आक्रोशित हजारों प्रदर्शनकारियों ने बगदाद स्थित संसद भवन पर कब्जा कर लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ज्यादातर प्रदर्शनकारी इराकी शिया लीडर मुक्तदा अल सदर के समर्थक हैं। संसद पर कब्जा करने के बाद इन लोगों ने डांस किया और गाने भी गाए।
इराक में इस वक्त बगावत का माहौल देखने को मिल रहा है। जनता विद्रोह पर उतर आई है। इराकी प्रदर्शनकारी बगदाद में संसद भवन में घुस गए हैं। बता दें कि बगदाद में हजारों इराकी भ्रष्टाचार और कुशासन का विरोध कर रहे हैं और संसद भवन में तोड़-फोड़ कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उस वक्त संसद भवन के अंदर सिर्फ सुरक्षाकर्मी मौजूद थे और वे प्रदर्शनकारियों को आसानी से अंदर जाने दे रहे थे। प्रदर्शनकारी ईरान समर्थित पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री के लिए पूर्व मंत्री और पूर्व प्रांतीय गवर्नर मोहम्मद शिया अल-सुदानी की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी (Mustafa al-Kadhimi) ने प्रदर्शनकारियों से ग्रीन जोन से तुरंत वापस जाने की अपील की। उन्होंने एक बयान में चेतावनी दी कि सुरक्षा बल राज्य संस्थानों और विदेशी मिशनों की सुरक्षा व्यवस्था को किसी भी तरह के नुकसान से रोकें।





