भारत सरकार ने X को भेजा आदेश, 8,000 से ज्यादा अकाउंट्स भारत में किए जाएंगे ब्लॉक

भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) को आदेश दिया है कि वह भारत में 8,000 से ज्यादा अकाउंट्स को ब्लॉक करे। इन आदेशों का पालन न करने पर कंपनी के भारत में मौजूद कर्मचारियों को भारी जुर्माना और जेल तक की सजा हो सकती है।
X की ग्लोबल गवर्नमेंट अफेयर्स टीम के अनुसार, जिन अकाउंट्स को ब्लॉक करने को कहा गया है, उनमें कुछ अंतरराष्ट्रीय समाचार संगठनों और भारत के प्रमुख यूज़र्स के अकाउंट्स भी शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि अधिकतर मामलों में सरकार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन पोस्ट्स की वजह से ये आदेश दिए गए हैं।
X has received executive orders from the Indian government requiring X to block over 8,000 accounts in India, subject to potential penalties including significant fines and imprisonment of the company’s local employees. The orders include demands to block access in India to…
— Global Government Affairs (@GlobalAffairs) May 8, 2025
X ने कहा कि वह आदेशों का पालन करते हुए इन अकाउंट्स को सिर्फ भारत में ब्लॉक करेगा, बाकी देशों में ये अकाउंट्स उपलब्ध रहेंगे। कंपनी ने यह भी साफ किया कि वह इन आदेशों से सहमत नहीं है और इसे फ्री स्पीच यानी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन मानती है।
कंपनी ने कहा, “पूरे अकाउंट्स को ब्लॉक करना न केवल अनावश्यक है, बल्कि यह मौजूदा और भविष्य की अभिव्यक्ति को सेंसर करने जैसा है। हालांकि भारत में लोगों की जानकारी तक पहुंच बनाए रखने के लिए हम प्लेटफॉर्म को चालू रखने के पक्ष में हैं।”
X ने कहा कि वह इन आदेशों के खिलाफ कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है, हालांकि भारतीय कानूनों के तहत कंपनी खुद कोर्ट में चुनौती नहीं दे सकती। लेकिन प्रभावित यूज़र्स कोर्ट का रुख कर सकते हैं और इसके लिए उन्हें नोटिस भेजे जा चुके हैं।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच X ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के अकाउंट्स भी भारत में सस्पेंड कर दिए हैं।





