विदेश

भारत-नेपाल सीमा वार्ता आज से दिल्ली में शुरू, तीन दिनों तक चलेगी बैठक

भारत और नेपाल के बीच वार्षिक सीमा वार्ता आज यानी 12 नवंबर से नई दिल्ली में शुरू हो गई है। यह उच्च-स्तरीय बैठक तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें दोनों देशों के शीर्ष सुरक्षा बल — भारत के सशस्त्र सीमा बल (SSB) और नेपाल के आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) — के प्रमुख शामिल होंगे। यह वार्ता खास इसलिए मानी जा रही है क्योंकि यह सितंबर में काठमांडू में हुए ‘जेन जेड’ प्रदर्शन के बाद दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच पहली प्रमुख बैठक है।

इस वार्ता में सीमा पार अपराधों पर रोक, रियल-टाइम खुफिया जानकारी साझा करने की प्रणाली और दोनों देशों के बीच समन्वित सीमा प्रबंधन को मजबूत करने पर खास चर्चा होगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह बैठक भारत-नेपाल सीमा पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

भारत की ओर से इस बैठक का नेतृत्व एसएसबी के महानिदेशक संजय सिंगल कर रहे हैं, जबकि नेपाल की ओर से एपीएफ के इंस्पेक्टर जनरल राजू आर्यल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ है। एसएसबी के अनुसार, दोनों पक्ष सीमा पार अपराधों की रोकथाम के लिए संयुक्त तंत्र विकसित करने, खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान को और तेज करने तथा सीमा सुरक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देंगे।

इससे पहले पिछली वार्षिक सीमा वार्ता नवंबर 2024 में काठमांडू में हुई थी। गौरतलब है कि एसएसबी भारत-नेपाल की 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा की निगरानी करती है, जो बिना बाड़ की है। इसके अलावा, यह बल 699 किलोमीटर लंबी भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा की भी जिम्मेदारी निभाता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button