IND vs NED: भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी ग्रुप मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम पहले ही सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है, लेकिन इस मैच में जीत दर्ज कर वह ग्रुप स्टेज को बिना हार के खत्म करना चाहेगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि टीम में दो बदलाव किए गए हैं। अक्षर पटेल को आराम दिया गया है और उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिला है। वहीं कुलदीप यादव की जगह अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।
दूसरी ओर, नीदरलैंड्स की टीम टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो चुकी है, लेकिन वह इस मुकाबले में मजबूत प्रदर्शन कर सम्मानजनक विदाई लेना चाहेगी। भारत ने ग्रुप स्टेज में अब तक शानदार खेल दिखाया है। टीम ने अमेरिका को 29 रन, नामीबिया को 93 रन और पाकिस्तान को 61 रन से हराया है। हालांकि बल्लेबाजी अभी पूरी तरह लय में नहीं दिखी, लेकिन गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत टीम लगातार जीत दर्ज करती रही है।
यह मुकाबला युवा ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए भी अहम है, जिनका टूर्नामेंट अब तक खास नहीं रहा। ऐसे में उनके पास इस मैच में बड़ी पारी खेलकर आत्मविश्वास हासिल करने का अच्छा मौका है।
नीदरलैंड्स की प्लेइंग इलेवन
माइकल लेविट, मैक्स ओ’डाउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), जैक लायन-केशेट, लोगन वान बीक, नोआ क्रोएस, आर्यन दत्त, रोएलोफ वान डेर मर्वे, काइल क्लेन।
भारत की प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।





