पीएम मोदी ने मन की बात में साझा किया 2025 की प्रमुख उपलब्धियां और 2026 के संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मन की बात कार्यक्रम के 129वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 2025 में भारत की उपलब्धियों और आने वाले 2026 के लिए नए संकल्पों पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2025 ने भारत को गर्व और आत्मविश्वास से भर दिया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, वंदे मातरम के 150 साल, खेलों में भारत की जीत और विज्ञान व अंतरिक्ष की उपलब्धियों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि पुरुष क्रिकेट टीम ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी जीती, महिला टीम ने वर्ल्ड कप पर कब्ज़ा जमाया और पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर साबित किया कि कोई बाधा देश की प्रगति को रोक नहीं सकती।
विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत ने बड़ी छलांग लगाई और शुभांशु शुक्ला पहले भारतीय बने जो अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचे। इसके अलावा, चीतों की संख्या बढ़ने, महाकुंभ का सफल आयोजन और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने जैसी उपलब्धियों पर भी प्रधानमंत्री ने गौर किया।
प्रधानमंत्री ने युवाओं की भागीदारी को भी सराहा। उन्होंने यंग लीडर डायलॉग और स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन जैसी पहलों का जिक्र किया, जहां युवा अपने विचार और नवाचार साझा कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से इन प्लेटफॉर्म में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि युवा तकनीक के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़े रहने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने IIS के गीतांजलि प्रोजेक्ट और विदेशों में भारतीय भाषा और संस्कृति के प्रचार के उदाहरण साझा किए।
कश्मीर के बारामूला में हाल ही में मिले बौद्ध स्तूपों के अवशेषों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हमारे अतीत और सांस्कृतिक धरोहर की समृद्धि को दर्शाता है। साथ ही, तमिल भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी पार्वती गिरि जी को याद किया, जिनकी जन्म-शताब्दी जनवरी 2026 में मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह दायित्व है कि हम अपनी विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। पीएम मोदी ने अंत में देशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देते रहें और 2026 में नए संकल्पों के साथ देश को आगे बढ़ाएं।





