फिल्म ‘टॉक्सिक’ में ह्यूमा कुरैशी का दमदार फर्स्ट लुक रिवील, निभाएंगी रहस्यमयी किरदार एलिज़ाबेथ

यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Toxic: A Fairytale for Grown-Ups’ से अभिनेत्री ह्यूमा कुरैशी का शानदार फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म का निर्देशन गीता मोहनदास कर रही हैं और ह्यूमा इसमें एलिज़ाबेथ नाम के अहम किरदार में नजर आएंगी।
फिल्म निर्माताओं के अनुसार, ह्यूमा का किरदार रहस्य, आकर्षण और एक शांत लेकिन खतरनाक छवि से भरा हुआ है, जो दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ने वाला है। मेकर्स ने कहा कि ‘टॉक्सिक’ की अंधेरी दुनिया में एलिज़ाबेथ का प्रवेश कहानी को और भी रोमांचक बना देता है।
ह्यूमा कुरैशी के फर्स्ट लुक में उन्हें कब्रिस्तान के माहौल में दिखाया गया है। पीछे पुराने मकबरे और पत्थर की मूर्तियां नजर आती हैं। वह एक काली विंटेज कार के पास खड़ी हैं और उन्होंने काले रंग की ऑफ-शोल्डर ड्रेस पहन रखी है। उनका लुक पुराने जमाने की शाही खूबसूरती के साथ-साथ डर और रहस्य का एहसास कराता है।
Introducing Huma Qureshi @humasqureshi as ELIZABETH in – A Toxic Fairy Tale For Grown-Ups #TOXIC #TOXICTheMovie @advani_kiara #GeetuMohandas @RaviBasrur #RajeevRavi #UjwalKulkarni #TPAbid #MohanBKere #SandeepSadashiva #PrashantDileepHardikar #KunalSharma #SandeepSharma… pic.twitter.com/aozI7wKWCb
— Yash (@TheNameIsYash) December 28, 2025
अपने किरदार के बारे में रिलीज में बताया गया है कि ह्यूमा इस फिल्म में एक ऐसे रोल में दिखेंगी, जैसा दर्शकों ने उन्हें पहले कभी नहीं देखा। वह बाहर से शांत और सुलझी हुई नजर आती हैं, लेकिन अंदर से उनका किरदार गहरी और डरावनी सोच को छुपाए हुए है। उनकी आंखों में एक ऐसी ताकत है, जो बिना हिंसा के भी सामने वाले पर असर डाल सकती है।
ह्यूमा कुरैशी को इस रोल के लिए चुनने पर निर्देशक गीता मोहनदास ने कहा कि यह किरदार कास्ट करना सबसे मुश्किल कामों में से एक था। उन्होंने बताया कि ह्यूमा में वह खास गहराई और प्रभाव था, जो एलिज़ाबेथ के किरदार को जीवंत बना सकता था। कैमरे के सामने उनकी मौजूदगी ने इस भूमिका को तुरंत वास्तविक बना दिया।
KGF: चैप्टर 2 के चार साल बाद अभिनेता यश बड़े पर्दे पर फिल्म ‘टॉक्सिक’ के जरिए वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग कन्नड़ और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में की गई है, जबकि इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम सहित कई भाषाओं में डब कर रिलीज किया जाएगा।
फिल्म की तकनीकी टीम भी काफी मजबूत है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी नेशनल अवॉर्ड विजेता राजीव रवि ने संभाली है, संगीत रवि बसुर का है और एडिटिंग उज्ज्वल कुलकर्णी ने की है। एक्शन सीन को हॉलीवुड के मशहूर एक्शन डायरेक्टर जेजे पेरी (जॉन विक) के साथ नेशनल अवॉर्ड विजेता अनबरिव और केचा खम्फाकदी ने डिजाइन किया है।
‘टॉक्सिक’ को वेंकट के. नारायण और यश ने क्रमशः KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी यश ने सह-लेखन की है। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को ईद, उगादी और गुड़ी पड़वा के मौके पर एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।





