लुइसविले एयरपोर्ट पर भीषण हादसा: अमेरिका में उड़ते ही क्रैश हुआ प्लेन, 3 की मौत

नई दिल्ली: अमेरिका के केंटकी राज्य में मंगलवार शाम एक भयावह हवाई हादसे ने पूरे लुइसविले शहर को दहला दिया. मुहम्मद अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद एक UPS कार्गो विमान असंतुलित होकर रनवे के पास जा गिरा और देखते ही देखते भीषण आग की लपटों में घिर गया.
अधिकारियों के मुताबिक, विमान में करीब डेढ़ लाख लीटर (लगभग 2.5 लाख गैलन) जेट फ्यूल भरा हुआ था. टकराते ही ईंधन में धमाका हुआ और पूरा इलाका आग के समंदर में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे विमान ने उड़ान भरनी शुरू ही की थी कि अचानक उसकी ऊंचाई गिरने लगी और कुछ ही पलों में जोरदार धमाके की आवाज़ के साथ ज़मीन पर जा टकराया.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हादसे के बाद का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है — रनवे के आसपास की पूरी लाइन आग की लपटों में घिरी थी, मानो किसी ज्वालामुखी से लावा फूट पड़ा हो.
घटना की सूचना मिलते ही लुईविल पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की दर्जनों टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक पास के कई गोदाम और पार्किंग क्षेत्र पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे.
आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 से अधिक लोग घायल हुए हैं. वहीं, दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.
विमान के गिरने से पास में स्थित Kentucky Petroleum Recycling और Grade-A Auto Parts के गोदामों में भी आग लग गई, जिससे दोनों इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गईं. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि स्थानीय प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





