पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी, सरकार ने की आपात तैयारियां

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में एक अक्टूबर से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आपात तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस संबंध में सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी ने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए व्यापक आपात व्यवस्था की गई है। सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और मुख्यमंत्री खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हाल ही में कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई थी। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक नियंत्रण कक्ष (Control Room) स्थापित किया है, जिसमें एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को तैनात किया जाएगा। यह नियंत्रण कक्ष 26 सितंबर से लेकर 28 अक्तूबर तक, खासकर त्योहारों के मौसम के दौरान, चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, कुछ इलाकों में 35 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
आईएमडी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 2 और 3 अक्टूबर को उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी, खासकर पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में समुद्र में न जाएं, क्योंकि समुद्री स्थिति खराब रह सकती है।





