मौसम

देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक में ऑरेंज चेतावनी जारी

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश के तवांग, वेस्ट कामेंग, ईस्ट कामेंग, पापुम पारे, लोअर सुबानसिरी, ईस्ट सियांग, वेस्ट सियांग, दिबांग वैली और अंजाव जिलों में भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को ईस्ट कामेंग, पापुम पारे, पाक्के-केसांग, ईस्ट सियांग और दिबांग वैली में गरज-चमक और तेज बारिश की चेतावनी के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया।

शनिवार से राज्य में बारिश की तीव्रता और बढ़ने की संभावना है। नामसाई, चांगलांग, तिरप, लोहित और लोअर दिबांग वैली जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का खतरा है। वहीं मध्य और पूर्वी अरुणाचल में बाढ़, नदियों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार तक बारिश का दायरा पश्चिमी अरुणाचल तक फैलने की उम्मीद है।

कर्नाटक में भी पिछले 24 घंटे से बारिश का दौर जारी है। बंगलूरू के अर्बन और रूरल जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटे में बंगलूरू में 52.8 मिमी, कोलार के तमका में 102 मिमी और कलबुर्गी में 72.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। आने वाले तीन दिनों में कलबुर्गी, विजयपुरा, बागलकोट, कोप्पल, बल्लारी और विजयनगर जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चल सकती हैं, जिससे अस्थायी बिजली कटौती, पेड़ गिरने और कच्चे मकानों को नुकसान होने की आशंका है। विभाग ने निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button