माघी पूर्णिमा पर आस्था का महासंगम – 1.30 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान

महाकुंभ 2025 के पांचवें स्नान पर्व माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार सुबह 10 बजे तक 1.30 करोड़ से अधिक भक्तों ने संगम और गंगा घाटों पर पवित्र स्नान किया। श्रद्धालुओं का आना जारी है, जिससे पूरे मेला क्षेत्र में भारी भीड़ देखी जा रही है।
माघी पूर्णिमा के साथ ही महाकुंभ में कल्पवास कर रहे 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का संकल्प पूरा हो गया। अब वे अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। मेला प्रशासन के अनुसार, 11 फरवरी तक 46.25 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि माघ पूर्णिमा और महाशिवरात्रि के स्नान पर नया रिकॉर्ड बन सकता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह 4 बजे से ही लखनऊ स्थित अपने ‘वार रूम’ से महाकुंभ मेले की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार, प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश DGP प्रशांत कुमार ने कहा कि महाकुंभ में अब तक 46-47 करोड़ श्रद्धालु आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि मौनी अमावस्या स्नान के दौरान हुई चूक से सबक लेते हुए बेहतर प्रबंधन के लिए नई तकनीकों का उपयोग किया गया।
उन्होंने कहा, “प्रयागराज, चित्रकूट, काशी विश्वनाथ मंदिर, विंध्याचल और अयोध्या में भीड़ नियंत्रण के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। लखनऊ में वॉर रूम बनाया गया है, जहां 2500 से ज्यादा कैमरों से लाइव फीड ली जा रही है। रेलवे भी मुख्य स्नान वाले दिन 400 से ज्यादा ट्रेनें चला रहा है और रोजाना 350 ट्रेनें संचालित हो रही हैं।”
माघी पूर्णिमा स्नान के चलते प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर जबरदस्त भीड़ उमड़ी। ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी नजर आईं, वहीं हजारों श्रद्धालु प्लेटफॉर्म पर अपने गंतव्य के लिए ट्रेन का इंतजार करते दिखे।
अब अगला बड़ा स्नान पर्व महाशिवरात्रि का होगा, जिस पर लाखों श्रद्धालुओं के फिर उमड़ने की संभावना है। प्रशासन ने इसे लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।





