वैभव सूर्यवंशी को आक्रामक सेंड-ऑफ देना काइल जैमीसन को पड़ा भारी, BCCI ने दी चेतावनी

आईपीएल 2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले के बाद दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन विवादों में आ गए। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद जैमीसन ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जिस पर बीसीसीआई ने कार्रवाई करते हुए उन्हें चेतावनी दी है।
मैच के दौरान 15 साल के वैभव सूर्यवंशी जल्दी आउट हो गए। उन्होंने जैमीसन की पहली गेंद पर चौका लगाकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन अगली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। विकेट लेने के बाद जैमीसन बल्लेबाज के काफी करीब जाकर जोरदार अंदाज में सेलिब्रेट करते नजर आए। हालांकि वैभव ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और निराश होकर पवेलियन लौट गए।
इस घटना को बीसीसीआई ने गंभीरता से लिया। बोर्ड ने काइल जैमीसन को आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया और एक डिमेरिट पॉइंट के साथ आधिकारिक चेतावनी जारी की। बीसीसीआई के अनुसार, जैमीसन ने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन किया है। यह नियम ऐसे शब्दों, इशारों या व्यवहार से जुड़ा है जो किसी खिलाड़ी को उकसा सकते हैं या अपमानजनक माने जाते हैं।
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि घटना पहली पारी के दूसरे ओवर में हुई, जब वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद जैमीसन आक्रामक तरीके से बल्लेबाज के बेहद करीब पहुंचे, जिससे विवाद की स्थिति बन सकती थी। मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को जैमीसन ने स्वीकार कर लिया और अपनी गलती भी मानी।
वहीं मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स को अपने घरेलू मैदान जयपुर में एक और हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 225 रन बनाए। टीम के लिए रियान पराग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 90 रन बनाए।
226 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार बल्लेबाजी की। केएल राहुल ने 75 रन की अहम पारी खेली, जबकि पाथुम निसांका ने तेज 62 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की मदद से दिल्ली ने 226 रन बनाकर 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।





