खेल

गिल बाहर….अब ऋषभ पंत के हाथों में टीम इंडिया की कमान

भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल गुवाहाटी में शनिवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम की कमान ऋषभ पंत संभालेंगे। टीम में कप्तान की जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज़ साई सुदर्शन के शामिल होने की संभावना है।

शुभमन गिल को कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बल्लेबाज़ी करते समय गर्दन में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में फील्डिंग नहीं की और भारत की दूसरी पारी में बैटिंग करने भी नहीं उतरे। भारत को 124 रनों का लक्ष्य मिला था लेकिन टीम यह मैच 30 रन से हार गई।

चोट लगने के बाद गिल को उसी दिन कोलकाता के अस्पताल ले जाया गया और अगले दिन उन्हें छुट्टी दे दी गई। बीसीसीआई ने बुधवार को जारी प्रेस रिलीज़ में बताया कि गिल की हालत में सुधार है और वे टीम के साथ 19 नवंबर को गुवाहाटी जाएंगे। वहां मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी।

दूसरा टेस्ट भारत के लिए बेहद अहम है, क्योंकि सीरीज़ में वापसी करने के लिए यह मैच जीतना जरूरी है। मंगलवार को टीम ने वैकल्पिक अभ्यास सत्र किया, जिसमें साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, रवींद्र जडेजा और देवदत्त पडिक्कल ने हिस्सा लिया।

गुवाहाटी टेस्ट की खास बात यह रहेगी कि सभी पांच दिनों का खेल सुबह 9 बजे शुरू होगा। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार चाय का ब्रेक लंच से पहले लिया जाएगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button