ताज़ा खबरेंभारत

महाकुंभ की आस्था, रेलवे पर भारी! पटना जंक्शन पर उमड़ी श्रद्धालुओं की बेतहाशा भीड़

महाकुंभ के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है, लेकिन रेलवे स्टेशनों पर अव्यवस्था का माहौल भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को माघ पूर्णिमा स्नान के लिए प्रयागराज जाने वालों की भारी भीड़ पटना जंक्शन पर उमड़ पड़ी, जिससे हालात बेकाबू हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि रिजर्वेशन बोगियों से लेकर एसी कोच तक यात्रियों ने कब्जा कर लिया।

बुधवार को भी पटना जंक्शन खचाखच भरा रहा। ट्रेनों में चढ़ने के लिए लोगों की होड़ इतनी ज्यादा थी कि प्लेटफॉर्म पर तिल रखने की भी जगह नहीं बची। जैसे ही विक्रमशिला एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची, हजारों यात्री धक्का-मुक्की के बीच चढ़ने लगे। कई लोग गिर गए, बच्चे रोने लगे, और रिजर्व सीट वाले यात्री अपनी सीट तक नहीं पहुंच सके।

विभूति, संपूर्णक्रांति, मगध, पूर्वा, तेजस और कुंभ स्पेशल ट्रेनों में बेतहाशा भीड़ देखी गई। स्थिति यह थी कि कई यात्रियों ने ट्रेन की इमरजेंसी खिड़कियों से अपने परिजनों को अंदर चढ़ाना शुरू कर दिया। वहीं, अंदर फंसे यात्री बड़ी मुश्किल से बाहर निकल पाए।

भीड़ के कारण कई यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेनों को रोका। टीटीई और आरपीएफ जवान हालात संभालने में नाकाम नजर आए। टिकटधारी यात्री अपनी बुक की गई सीट तक नहीं पहुंच सके, और कई की ट्रेन ही छूट गई। अफवाहें भी फैलीं कि बिना टिकट यात्रा की जा सकती है, जिससे बिना टिकट यात्री भी भारी संख्या में स्टेशन पर पहुंचे।

रेलवे प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए कुछ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन हालात अब भी नियंत्रण से बाहर हैं। महाकुंभ के लिए बढ़ती भीड़ को संभालना रेलवे के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

Show More
Back to top button