राम मंदिर आंदोलन के सूत्रधार डॉ. रामविलास दास वेदांती का निधन

अयोध्या/रीवा, 15 दिसंबर 2025: राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार और अयोध्या से पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती का बुधवार को मध्य प्रदेश के रीवा में निधन हो गया. इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर के बाद अयोध्या सहित पूरे संत समाज और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.
अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, डॉ. वेदांती मध्य प्रदेश के रीवा जनपद में प्रवास पर थे. बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों द्वारा लगातार उपचार के प्रयास किए गए, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.
राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी चेहरा
डॉ. वेदांती राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी चेहरों में गिने जाते थे. उन्होंने इस आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. अयोध्या से सांसद रहते हुए उन्होंने संसद से लेकर सड़कों तक राम मंदिर निर्माण की आवाज को मजबूती से उठाया. संत समाज और राम भक्तों के लिए उनके निधन को अपूरणीय क्षति माना जा रहा है.
अयोध्या ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
सूत्रों के मुताबिक, उनके उत्तराधिकारी और सहयोगी मध्य प्रदेश से उनका पार्थिव शरीर लेकर थोड़ी देर में अयोध्या ले जाएंगे. अयोध्या पहुंचने के बाद उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी.





