भारत

हरियाणा के गुरुग्राम में बनेगा डिज्नीलैंड थीम पार्क, पचगांव में 500 एकड़ में होगा निर्माण

हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के पचगांव चौक के पास 500 एकड़ भूमि पर एक भव्य डिज्नीलैंड थीम पार्क विकसित करने की योजना बनाई है। यह परियोजना न केवल राज्य के पर्यटन को नया आयाम देगी, बल्कि इसके साथ बनने वाली ग्लोबल सिटी और रेल ऑर्बिटल कॉरिडोर से क्षेत्र की आर्थिक और बुनियादी ढांचे की स्थिति भी मजबूत होगी।

सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए पचगांव चौक के पास मानेसर क्षेत्र में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर लिया है। यह इलाका दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी रखता है, जिससे इसे परियोजना के लिए आदर्श लोकेशन माना जा रहा है। डिज्नीलैंड जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के थीम पार्क की स्थापना से हरियाणा भारत के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर सकता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस परियोजना को लेकर नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन और सांस्कृतिक मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में पर्यटन के विस्तार और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर ले जाने के मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिज्नीलैंड थीम पार्क, खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए बड़ा बदलाव लेकर आएगा। इससे न केवल राज्य को आर्थिक और सामाजिक लाभ होंगे, बल्कि हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। इसके अलावा पर्यटन के बढ़ने से विदेशी पर्यटकों का आगमन भी बढ़ेगा, जिससे प्रदेश के राजस्व में भी इजाफा होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि गुरुग्राम पहले से ही कई फॉर्च्यून कंपनियों का हब है और राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है। आने वाले समय में प्रस्तावित ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट के साथ मिलकर यह डिज्नीलैंड परियोजना गुरुग्राम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाएगी।

हरियाणा सरकार की यह योजना अगर साकार होती है, तो यह राज्य के विकास के साथ-साथ भारत के पर्यटन उद्योग के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button