विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2026: पीएम मोदी बोले—युवाओं का सामर्थ्य ही भारत की ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत मंडपम में आयोजित विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2026 के समापन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को देश के भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि आजादी के 100 वर्षों तक की यात्रा भारत के लिए बेहद अहम है और यही दौर युवाओं के जीवन का भी सबसे महत्वपूर्ण समय है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं का सामर्थ्य ही भारत का सामर्थ्य बनेगा और उनकी सफलता देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
स्वामी विवेकानंद की जयंती का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनके विचार आज भी हर युवा के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जीवन का लक्ष्य क्या होना चाहिए और कैसे समाज व देश के हित को सर्वोपरि रखकर आगे बढ़ा जाए, इस दिशा में स्वामी विवेकानंद का जीवन सभी के लिए मार्गदर्शक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कम समय में विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद एक बड़ा मंच बनकर उभरा है, जहां देश के विकास की दिशा तय करने में युवाओं की सीधी भागीदारी हो रही है। करोड़ों युवाओं का इससे जुड़ना और अपने विचार साझा करना अपने आप में अभूतपूर्व है।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें देश के युवाओं की क्षमता पर पूरा भरोसा है, इसी भरोसे के चलते युवाओं को ध्यान में रखकर एक के बाद एक नई योजनाएं बनाई गईं, जिससे भारत में स्टार्टअप क्रांति को असली गति मिली। उन्होंने कहा कि भारत आज ऑरेंज इकोनॉमी यानी संस्कृति, कंटेंट और रचनात्मकता के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देख रहा है। बीते एक दशक में सुधारों की जो शुरुआत हुई थी, वह अब ‘रिफॉर्म्स एक्सप्रेस’ बन चुकी है, जिसके केंद्र में देश की युवाशक्ति है।
प्रधानमंत्री ने अंत में युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि देश को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकालने की जिम्मेदारी आज के युवाओं पर है।





