भारत

दिल्ली: इंडिया गेट पर प्रदूषण विरोध प्रदर्शन में हंगामा, 22 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार

दिल्ली के इंडिया गेट पर बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ हुए प्रदर्शन में हंगामा होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने दो थानों में एफआईआर दर्ज की हैं और कुल 22 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, कर्तव्यपथ थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर छह पुरुष प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 79, 105(2), 132, 221, 223 और 6(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में सार्वजनिक शांति भंग करने, सरकारी निर्देशों का उल्लंघन करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने जैसे आरोप शामिल हैं।

इसी मामले में दूसरी एफआईआर संसद मार्ग थाने में दर्ज की गई है, जिसके तहत 17 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए हैं। उन पर बीएनएस की धारा 223A, 132, 221, 121A, 126(2) और 3(5) के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इन धाराओं में सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे प्रावधान शामिल हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों पर हमले के आरोप में गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की कोर्ट में संभावित पेशी को देखते हुए पटियाला हाउस कोर्ट में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रविवार को दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ इंडिया गेट के पास 15 प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पेपर स्प्रे किए जाने का आरोप लगा, जिसमें तीन से चार पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी का इलाज आरएमएल अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि शाम 4.30 बजे कुछ युवक इंडिया गेट के सी-हेक्सागन इलाके में जुटे और प्रदूषण के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बाद में उनमें से कुछ ने नक्सली हिड़मा के समर्थन में भी नारे लगाए। पुलिस द्वारा हटने की अपील के बावजूद वे वहां डटे रहे। जब पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो पेपर स्प्रे की घटना हुई, जिसके चलते हल्की झड़प भी हुई।

इस हंगामे के चलते इंडिया गेट के पास ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में शामिल लोगों पर कड़े प्रावधानों में कार्रवाई का निर्णय लिया। इसके बाद से इंडिया गेट क्षेत्र में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपनी शिकायतें और विरोध शांतिपूर्ण व कानूनी तरीके से सामने रखें, ताकि सार्वजनिक सुरक्षा और व्यवस्था प्रभावित न हो।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button