सीजफायर उलंघन के बाद देशभर में हाई अलर्ट, सरकार ने जनता से सतर्क रहने की अपील की

भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान को सैन्य और कूटनीतिक मोर्चे पर जोरदार जवाब दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए गए इस ऑपरेशन के जरिए भारत ने एक बार फिर अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट किया है। इस अभियान में भारत ने सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने की रणनीति अपनाई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी है, लेकिन नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा लागू किए गए अतिरिक्त सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण कुछ उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है। यात्रियों को समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है, क्योंकि सुरक्षा जांच में अधिक समय लग सकता है।
अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर ने जानकारी दी कि इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। हालांकि, प्रशासन अभी भी रेड अलर्ट पर है। नागरिकों से घरों में ही रहने और खिड़कियों से दूर रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा कि स्थिति सामान्य होने पर ही बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी।
जरूरी आपातकालीन नंबर:
सिविल कंट्रोल रूम: 01832226262, 7973867446
पुलिस कंट्रोल रूम (शहरी): 9781130666
पुलिस कंट्रोल रूम (ग्रामीण): 9780003387
जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, रजौरी और अखनूर क्षेत्रों में बीती रात किसी भी प्रकार की गोलीबारी, ड्रोन गतिविधि या गोलाबारी की कोई सूचना नहीं मिली है। इसी तरह पंजाब के फिरोजपुर और पठानकोट इलाकों में भी स्थिति सामान्य है। सुरक्षा बलों की गश्त जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
देश के कई हिस्सों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। केंद्र सरकार की ओर से राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।





