भारत

भारी बारिश से चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए स्थगित, यमुनोत्री हाईवे पर फंसे श्रद्धालु

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने चारधाम यात्रा पर ब्रेक लगा दिया है। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जानकारी दी है कि मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में तीर्थयात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

भारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया है। दुबाटा बैंड पर तैनात एसआई विक्रम सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं को हालात की जानकारी देकर गंगोत्री की ओर भेजा जा रहा है। वहीं यमुनोत्री धाम की ओर जानकीचट्टी, फूलचट्टी, खरसाली, राना चट्टी और स्याना चट्टी क्षेत्रों में करीब एक हजार से अधिक श्रद्धालु फंसे हुए हैं। चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह रावत के अनुसार, जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग की स्थिति सामान्य होने के कारण यहां रुके श्रद्धालुओं को धीरे-धीरे धाम की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है।

यमुनोत्री हाईवे के पालीगाड़ और ओजरी डाबरकोट के बीच स्थित सिलाई बैंड के पास बादल फटने की घटना से भारी तबाही मच गई। इस दौरान एक होटल निर्माण स्थल पूरी तरह तबाह हो गया, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर लापता हो गए हैं। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। लापता मजदूरों की तलाश जारी है और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

प्रदेश सरकार ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल पहाड़ों की ओर न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button