गाजा सीमा के पास इजराइली जेट से गिरा बम, बड़ा हादसा टला

गाजा पट्टी से सटे इजराइल के नीर यित्ज़ाक किबुत्ज़ के पास मंगलवार रात एक इजराइली लड़ाकू विमान से बम गिर गया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इसमें कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। इजराइली रक्षा बल (IDF) ने इस घटना को तकनीकी खराबी का नतीजा बताया है।
सेना ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा, “गाजा पट्टी में एक मिशन के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण एक बम नीर यित्ज़ाक के पास खुले इलाके में गिरा।” यह इलाका गाजा सीमा से महज दो मील की दूरी पर है और वहां लगभग 550 यहूदी परिवार रहते हैं। सेना ने बताया कि घटना की गहन समीक्षा की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि नीर यित्ज़ाक उन गांवों में शामिल है, जो 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले का निशाना बने थे। उस वक्त अधिकांश निवासी किबुत्ज़ छोड़ चुके थे, लेकिन अब वहां की लगभग आधी आबादी लौट आई है।
यह कोई पहली घटना नहीं है जब इजराइली सैन्य कार्रवाई में अपनी ही आबादी खतरे में आई हो। पिछले साल मई में एक लड़ाकू विमान ने गलती से नीर यित्ज़ाक के पड़ोसी गांव यतेड़ पर बम गिरा दिया था, जो सौभाग्य से नहीं फटा। वहीं कुछ महीने पहले एक टैंक शेल भी लक्ष्य चूककर सीमा बाड़ के पास जा गिरा था।
लगातार सैन्य अभियानों और तकनीकी चूकों ने इजराइली नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस तरह की लापरवाहियां भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।




