असम: कार्बी आंगलोंग में हिंसक झड़प में दो की मौत, 45 घायल; कर्फ्यू लागू

दीफू (कार्बी आंगलोंग): असम के कार्बी आंगलोंग जिले में मंगलवार को भड़की हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई और 38 पुलिसकर्मियों सहित कुल 45 लोग घायल हो गए. दो समूहों के प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के बाद स्थिति बिगड़ी, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े.
मृतकों की पहचान
अधिकारियों ने बताया कि 25 वर्षीय दिव्यांग युवक सुरेश दे का शव उस इमारत में मिला, जिसे प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी थी. दूसरे मृतक की पहचान अथिक तिमुंग के रूप में हुई है, जो झड़पों के दौरान मारे गए.
सख्त प्रतिबंध लागू
हिंसा के बाद दोनों जिलों – कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग में मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है. कर्फ्यू और निषेधाज्ञा (सेक्शन 163 BNSS) लागू है, जिसके तहत शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित है. बुधवार से सेना की तैनाती की जाएगी.
प्रदर्शन का कारण
प्रदर्शनकारी आदिवासी बेल्ट की जमीन Professional Grazing Reserve (PGR) और Village Grazing Reserve (VGR) से अवैध कब्जाधारियों को हटाने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ये ज्यादातर बिहार से आए लोग हैं, जिन्होंने सालों से इन जमीनों पर कब्जा कर रखा है. ये प्रदर्शनकारी पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे, लेकिन सरकार से बातचीत के बाद उन्होंने मंगलवार को हड़ताल खत्म कर दी.
DGP पर भी हमला
असम के DGP हरमीत सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बात की थी और उन्होंने हिंसा न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन भीड़ ने बम फेंके, तीर चलाए और दुकानों में आग लगाई. उन्होंने बताया कि पत्थर लगने से उनके कंधे पर भी चोट आई है. DGP ने चेतावनी दी कि अगर कानून हाथ में लिया गया तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
I am closely monitoring the situation in West Karbi Anglong. It is deeply painful that two persons lost their lives during today’s unrest.
Additional security forces will be deployed in Kherani tomorrow to maintain peace. We are in constant touch with all concerned to restore…
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) December 23, 2025
इस हिंसा पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने X पर लिखा, “कार्बी आंगलोंग में आज की अशांति में दो लोगों की मौत बेहद दुखद है. मैं हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हूं. बुधवार को खेरीनी इलाके में अतिरिक्त फोर्स भेजी जाएगी.” उन्होंने कहा कि सरकार सभी परिवारों को पूरा सहयोग देगी और समाधान संवाद के रास्ते निकलने की कोशिश की जा रही है.





