मनोरंजन

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में एक और आरोपी गिरफ्तार

फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ने फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार सप्लाई किया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसाराम फासले उर्फ बाबू के रूप में हुई है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आज उसे मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट (किला कोर्ट) में पेश करेगी।

इससे पहले इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनकी पुलिस हिरासत की अवधि आज समाप्त हो रही है। जांच के दौरान पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल किए गए स्कूटर का भी पता लगाया था। यह स्कूटर पुणे के एक व्यक्ति से खरीदा गया था, जिसने कथित तौर पर आरोपी आदित्य गायकवाड़ को 30 हजार रुपये में स्कूटर बेचा था।

पुलिस के मुताबिक, आदित्य गायकवाड़ ने एक अन्य आरोपी समर्थ पोमाजी के साथ मिलकर स्कूटर को मुंबई के जुहू इलाके में तय जगह पर छोड़ दिया था। स्कूटर की खरीद के दौरान सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी सीधे तौर पर शुभम लोनकर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। आरोप है कि शुभम लोनकर ने ही शूटर को स्कूटर लेने और फायरिंग करने के निर्देश दिए थे। पुलिस का यह भी कहना है कि इस तरह के मामलों में पहचान छुपाने के लिए अलग-अलग छोटे ग्रुप बनाए जाते हैं।

फिलहाल, मुख्य शूटर अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button