कच्छ में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.4 की तीव्रता दर्ज
अहमदाबाद, 26 दिसंबर – गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार की सुबह करीब 4.30 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई.

भूकंप का केंद्र कच्छ की जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था. झटके हल्के थे और कुछ ही सेकंड तक महसूस किए गए. अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है.
लोगों में फैली दहशत
सुबह-सुबह सो रहे लोग अचानक जग गए और भूकंप के झटकों से सहम गए. कई लोग घरों से बाहर भाग आए, जबकि कुछ लोगों ने पंखे, बिस्तर और हल्की चीजों को हिलते हुए महसूस किया. हालांकि, स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई.
भरूच में भी आए थे झटके
इससे पहले 20 दिसंबर को भरूच जिले में भी सुबह 4.56 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे. उस समय भूकंप का केंद्र भरूच से करीब 45 किलोमीटर दूर जंबूसर के पास स्थित था. भरूच और आस-पास के इलाकों में लोगों ने धरती के कंपन को महसूस किया था, जिससे कुछ देर तक डर का माहौल बना रहा था.
गुजरात, विशेषकर कच्छ क्षेत्र, भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है. अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और सतर्क रहने की अपील की है.





