अजित पवार की विमान हादसे में मौत, जानिए कौन थे विमान उड़ा रहे कैप्टन साहिल मदान

मुंबई से बारामती जा रहा एक छोटा चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। विमान ने सुबह करीब 8:11 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और करीब 45 मिनट बाद, बारामती एयरस्ट्रिप के पास लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के मुताबिक, विमान अपने निर्धारित रूट पर था और गंतव्य से कुछ ही मिनट की दूरी पर था, तभी लैंडिंग के वक्त हादसा हो गया।
कौन उड़ा रहा था अजित पवार का विमान?
जिस विमान में अजित पवार सवार थे, उसकी कमान कैप्टन साहिल मदान के हाथों में थी। वे इस उड़ान में पायलट-इन-कमांड (PIC) थे। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर शांभवी पाठक भी कॉकपिट में मौजूद थीं। हादसे में दोनों पायलटों की भी मौत हो गई।
कौन थे कैप्टन साहिल मदान?
कैप्टन साहिल मदान एक बेहद अनुभवी पायलट थे। उनके पास करीब 16 साल का उड़ान अनुभव था। एविएशन इंडस्ट्री में उन्हें एक जिम्मेदार और कुशल पायलट के रूप में जाना जाता था।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2010 में Air Charter Services Pvt. Ltd. से की थी, जहां उन्होंने पांच साल तक Pilatus PC-12 जैसे विमानों को उड़ाया। इसके बाद वे VSR Ventures Pvt. Ltd. से जुड़े और करीब चार साल तक यहां सेवाएं दीं।
इसके बाद कैप्टन साहिल मदान ने Winfly Aviation Pvt. Ltd. में बतौर चीफ पायलट काम किया। साल 2021 में वे दोबारा VSR Ventures लौटे। फिर 2022 से 2024 तक उन्होंने VSR Corporation Pvt. Ltd. के लिए उड़ान भरी और साल 2024 में Learjet 45 विमान के कैप्टन बने।
किस विमान से हुआ हादसा?
हादसे का शिकार हुआ विमान Learjet 45 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK बताया गया है। यह विमान VSR Ventures Pvt. Ltd. द्वारा संचालित किया जा रहा था। विमान का कुल वजन करीब 9,752 किलोग्राम था।
हादसे में कौन-कौन मारे गए?
इस हादसे में अजित पवार के अलावा जिन लोगों की मौत हुई, उनमें शामिल हैं:
कैप्टन साहिल मदान (पायलट-इन-कमांड)
शांभवी पाठक (फर्स्ट ऑफिसर)
सुमित कपूर (पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर)
पिंकी माली (अटेंडेंट)
जांच शुरू, कंपनी पर उठे सवाल
अजित पवार की मौत के बाद इस विमान हादसे को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुछ नेताओं ने विमान ऑपरेटर कंपनी VSR की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। बताया जा रहा है कि इसी कंपनी का एक विमान अक्टूबर 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर भी हादसे का शिकार हुआ था, हालांकि उस वक्त सभी यात्री बच गए थे।
फिलहाल, विमानन सुरक्षा एजेंसियों ने हादसे की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या लैंडिंग के वक्त किसी अन्य वजह से विमान पर नियंत्रण नहीं रह पाया।





