3.84 करोड़ का तोहफा! अहमदाबाद को मिला नया हेल्थ सेंटर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत की। पहले वे घाटलोडिया वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के तहत वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम आयुष्मान वन में हुआ।
अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए अहम है, बल्कि यह लोगों को उनकी माताओं से जोड़ते हुए एक गहरा भावनात्मक संदेश भी देगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज को प्रकृति और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का काम करती है।
इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह गोता वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने 3.84 करोड़ रुपये की लागत से बने नए शहरी स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। अहमदाबाद नगर निगम के अनुसार, यह केंद्र गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अब अपने इलाके में ही विशेषज्ञ डॉक्टर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस स्वास्थ्य केंद्र में आयुष्मान भारत योजना (पीएमजेएवाई) कार्ड, अभा कार्ड, मातृ कल्याण योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और जननी सुरक्षा योजना का लाभ मिलेगा।
यहां महिलाओं की बीमारियों का इलाज, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं, नवजात शिशुओं और बच्चों के लिए जांच, टीकाकरण और गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग उपलब्ध है। साथ ही ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कैंसर जैसी बीमारियों की जांच, संक्रामक रोगों की पहचान, ममता दिवस कार्यक्रम, लैब टेस्ट, दवाओं की सुविधा और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श भी यहां दी जाएगी। इसी क्रम में अमित शाह ने अहमदाबाद के श्री भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।





