MP, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव में BJP की जीत पर PM मोदी ने माताओं-बहनों-बेटियों का जताया आभार
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत चार राज्यों में मतगणना समाप्त हो गई है. परिणामों की बात करें तो मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने अपना परचम लहरा दिया है. इन तीनों राज्यों में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत हासिल कर कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया है. तीन राज्यों में भाजपा को मिली जीत पर PM मोदी ने खुशी जताते हुए इस शानदार जीत के लिए माताओं-बहनों-बेटियों का, युवा वोटर्स का आभार जताया है.

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, जनता-जनार्दन को नमन!
मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम बता रहे हैं कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति में है, उनका भरोसा BJP में है.
भाजपा पर अपना स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बरसाने के लिए मैं इन सभी राज्यों के परिवारजनों का, विशेषकर माताओं-बहनों-बेटियों का, हमारे युवा वोटर्स का हृदय से धन्यवाद करता हूं.
मैं उन्हें भरोसा देता हूं कि आपके कल्याण के लिए हम निरंतर अथक परिश्रम करते रहेंगे.
इस अवसर पर पार्टी के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार! आप सभी ने अद्भभुत मिसाल पेश की है. भाजपा की विकास और गरीब कल्याण की नीतियों को आपने जिस तरह लोगों के बीच पहुंचाया, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वो कम है.
हम विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. हमें ना रुकना है, ना थकना है. हमें भारत को विजयी बनाना है. आज इस दिशा में हमने मिलकर एक सशक्त कदम उठाया है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “आज चुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया है कि तुष्टीकरण और जाति की राजनीति के दिन खत्म हो गए हैं… नया भारत प्रदर्शन की राजनीति पर वोट करता है. मैं इस अपार समर्थन के लिए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लोगों को नमन करता हूं. भाजपा की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को बहुत-बहुत बधाई…”





