‘एक देश एक चुनाव’ को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, समिति का किया गठन

नई दिल्ली: ‘एक देश एक चुनाव’ को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए एक समिति का गठन किया है. इस समिति का अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को बनाया गया है. समिति देश में एक ही चुनाव कराने के मुद्दे पर विचार करेगी और फिर अपनी रिपोर्ट सौपेगी.
जाहिर है कि इस रिपोर्ट के बाद ही यह तय किया जाएगा कि आने वाले समय में क्या सरकार लोकसभा चुनाव के साथ ही सभी राज्यों में विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी करेगी या नहीं.
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के नेता अनिल देसाई ने कहा, एक राष्ट्र, एक चुनाव, चाहे जो भी अवधारणा हो, उसे विभिन्न राजनीतिक दलों के सामने रखने की जरूरत है और फिर विचार, योगदान, विचार-विमर्श और चर्चा होगी और फिर निर्णय आएगा.
बता दें कि ‘एक देश एक चुनाव’ का तात्पर्य देश में होने वाले सारे चुनाव एक साथ ही कराए जाने से है. देश के आजाद होने के कुछ समय बाद तक लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ ही कराए जाते थे लेकिन इस प्रथा को बाद में खत्म करके विधानसभा और लोकसभा चुनाव को अलग-अलग से कराया जाने लगा.





