NEET UG Result 2026: NTA ने जारी किया रिजल्ट, 11.25 लाख उम्मीदवार हुए क्वालिफाई, ऐसे करें स्कोरकार्ड डाउनलोड
NEET UG Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार रात NEET UG Result 2026 घोषित कर दिया। इससे कुछ घंटे पहले एजेंसी ने NEET UG 2026 री-एग्जाम की फाइनल आंसर-की भी जारी की थी। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
इस साल NEET UG री-एग्जाम 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया गया था। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा कथित पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी।
NEET UG 2026 में कितने उम्मीदवार हुए पास?
NTA के अनुसार, इस वर्ष 11.25 लाख उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए हैं। इनमें 58 प्रतिशत से अधिक महिला उम्मीदवार शामिल हैं। एजेंसी ने कहा कि समय पर रिजल्ट जारी करने का उद्देश्य मेडिकल एडमिशन और काउंसलिंग प्रक्रिया को तय समय के अनुसार पूरा करना है।
NTA के मुताबिक, 138 छात्रों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए हैं। इनमें से 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे।
हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से सफल उम्मीदवार
NTA ने बताया कि सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। राज्य टॉपर्स में लद्दाख की जिगमेट यांगचन लामो (530 अंक), अंडमान एवं निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं।
टॉपर्स, कैटेगरी-वाइज कटऑफ, राज्यवार टॉपर्स और भाषा-वार भागीदारी की पूरी सूची आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
स्कोरकार्ड कैसे डाउनलोड करें?
उम्मीदवार अपना NEET UG Result 2026 देखने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं—
- आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर NEET UG 2026 Result लिंक पर क्लिक करें।
- अपना एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड/जन्मतिथि दर्ज करें।
- Submit पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर स्कोरकार्ड दिखाई देगा।
- भविष्य के लिए स्कोरकार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
NTA ने बताया कि उम्मीदवारों की OMR शीट और स्कोरकार्ड की स्कैन कॉपी DigiLocker पर भी उपलब्ध रहेगी।
फाइनल आंसर-की में किए गए दो बड़े बदलाव
रिजल्ट जारी होने से पहले NTA ने फाइनल आंसर-की में फिजिक्स सेक्शन से जुड़े दो महत्वपूर्ण बदलाव किए।
एक Vernier Calipers वाले प्रश्न को पूरी तरह हटा दिया गया, जबकि Electromagnetic Waves वाले प्रश्न में दो विकल्प सही पाए गए।
इस कारण परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवारों को 8 बोनस अंक दिए जाएंगे। इसमें हटाए गए प्रश्न के 4 अंक और एक से अधिक सही उत्तर वाले प्रश्न के 4 अंक शामिल हैं।
अब सफल उम्मीदवारों के लिए अगला चरण NEET UG Counselling 2026 होगा, जिसकी विस्तृत जानकारी जल्द ही Medical Counselling Committee (MCC) और संबंधित एजेंसियों की ओर से जारी की जाएगी।





