दिल्ली-NCR के मौसम का बदलेगा मिजाज: हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना

देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पांच अलग-अलग मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हो रहे हैं, जिसके चलते उत्तर, पूर्व, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है।
वहीं, दिल्ली-NCR में मंगलवार (14 जुलाई) को मौसम गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है। हालांकि पूरे देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच चुका है, लेकिन राजधानी में अभी तक लगातार और तेज बारिश का दौर शुरू नहीं हुआ है।
IMD के अनुसार, दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है, जिसके कारण दिनभर गर्मी और उमस महसूस हो सकती है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी तेज बारिश का अनुमान है।
IMD ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में कुछ जगहों पर बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। वहीं, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना में भी आंधी-तूफान के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं।
इन राज्यों में गर्मी का अलर्ट
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति रहने का अनुमान जताया है। वहीं, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना है।
इसके अलावा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में खराब मौसम को देखते हुए समुद्री क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।




