पुणे में वारी शोभायात्रा के दौरान हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत

महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार सुबह वारी शोभायात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक ट्रक की चपेट में आने से भगवान विठ्ठल के दर्शन के लिए जा रही तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह हादसा बेलसर टोल प्लाजा से जेजुरी की ओर करीब 500 मीटर आगे एक होटल के पास हुआ। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। यह जगह मुख्य पालखी यात्रा से लगभग 12 किलोमीटर आगे थी।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक की तबीयत खराब थी। 70 वर्षीय चालक बुखार और सर्दी की दवा ले रहा था। जांच में पता चला कि दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान ट्रक अचानक बाईं ओर मुड़ गया और सड़क किनारे चल रही महिला श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान सांगली जिले के मिरज तालुका की रहने वाली नंदा पवार (60), माधवी राजाराम सालगरे (55) और राजश्री शंकर भोसले (55) के रूप में हुई है। वहीं, चार घायल महिलाओं को जेजुरी के अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था के लिए सड़क को दो हिस्सों में बांटा गया था। एक रास्ता वाहनों के लिए और दूसरा पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के लिए तय किया गया था। हालांकि, कुछ श्रद्धालु वाहन वाले रास्ते पर भी चल रहे थे।
पुलिस ने बताया कि ट्रक नांदेड़ जिले के लोहा क्षेत्र से आई एक डिंडी के साथ चल रहा था। इसी दौरान उसने सांगली जिले के कसबे डिग्रज की डिंडी से जुड़ी सात महिला वारकरी श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सीएम फडणवीस ने जताया दुख
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए मृत श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल जाकर घायल श्रद्धालुओं का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को हर संभव मदद और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने हादसे की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।
हर साल महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से वारकरी श्रद्धालु आषाढ़ी एकादशी के मौके पर पंढरपुर स्थित भगवान विठ्ठल मंदिर के दर्शन के लिए वारी शोभायात्रा निकालते हैं। इस साल आषाढ़ी एकादशी 25 जुलाई को मनाई जाएगी।





