हैदराबाद में 3.5 करोड़ रुपए की Ferrari दुर्घटनाग्रस्त, अपार्टमेंट के गेट में घुसी लग्जरी कार, जांच शुरू

Hyderabad News: हैदराबाद के फिल्म नगर इलाके में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार Ferrari Roma लग्जरी कार अपार्टमेंट के मुख्य गेट से जा टकराई। करीब ₹3.5 करोड़ कीमत वाली इस सुपरकार के हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अपार्टमेंट के गेट को भी भारी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह 4 बजे हुआ हादसा
यह हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे रोड नंबर-5 स्थित हिल व्यू अपार्टमेंट के मुख्य प्रवेश द्वार पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार Ferrari अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे गेट में जा घुसी।
हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
फिल्म नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कार चला रहे व्यक्ति और अन्य सवारों की पहचान की जा सके।
दुर्घटनाग्रस्त Ferrari को पुलिस ने जब्त कर थाने पहुंचा दिया है।
शराब के नशे में ड्राइविंग की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। दुर्घटना के समय अपार्टमेंट परिसर के बाहर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी दुर्घटना
यह पिछले एक सप्ताह में जुबली हिल्स क्षेत्र में लग्जरी वाहन से जुड़ी दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले 9 जुलाई को एक SUV अभिनेता धर्मा के घर की दीवार से टकरा गई थी। उस मामले में चालक शराब के नशे में पाया गया था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद हैदराबाद में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।





