अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर नया अपडेट, ट्रंप ने दोहा में बैठक का किया दावा

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि ईरान के अनुरोध पर मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में दोनों देशों के बीच बैठक होगी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि ईरान ने बैठक का अनुरोध किया है और यह अगले दिन आयोजित होगी। हालांकि, उन्होंने बैठक के एजेंडे या इसमें शामिल होने वाले लोगों की जानकारी नहीं दी।
बाद में व्हाइट हाउस ने बताया कि अमेरिका की ओर से विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर इस बैठक में शामिल होंगे। इसके साथ ही उच्च स्तरीय बैठक के समानांतर तकनीकी स्तर की बातचीत भी होने की बात कही गई। व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहते हैं।
हालांकि, ईरान ने इस दावे पर अलग रुख अपनाया है। ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम गरीबाबादी ने कहा कि फिलहाल दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच किसी तकनीकी बैठक की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कतर के साथ बातचीत जारी है, लेकिन तकनीकी वार्ता कब और कहां होगी, इस पर अभी दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बनी है।
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी स्तर की बातचीत तभी शुरू होगी जब दोनों पक्ष तारीख, स्थान और अन्य जरूरी शर्तों पर सहमत होंगे। इस संबंध में मध्यस्थ देशों के जरिए बातचीत जारी है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने और हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य में सुरक्षा व समुद्री आवाजाही को लेकर बातचीत तेज हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों देशों ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकने और वार्ता जारी रखने पर सहमति जताई है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत स्विट्जरलैंड में होने की उम्मीद थी। लेकिन हालिया सैन्य तनाव के बाद वार्ता का स्थान बदलकर दोहा कर दिया गया और अब बातचीत का मुख्य फोकस हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर है।





