MEA का पाकिस्तान को दोटूक संदेश, अफगानिस्तान पर हमला अस्वीकार्य

नई दिल्ली: भारत ने अफगानिस्तान के कई इलाकों में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कई आम नागरिकों की मौत हुई है, जो अफगानिस्तान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए खतरा पैदा करता है।
India strongly condemns air-strikes by Pakistan on Afghan territory
🔗 https://t.co/1mONzLsCU4 pic.twitter.com/IDqzhgwPP2
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) June 29, 2026
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान का यह कदम एक खुली आक्रामक कार्रवाई है। मंत्रालय के अनुसार, यह पाकिस्तान की उस पुरानी नीति को दर्शाता है, जिसमें वह अपनी आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए सीमा पार हिंसक कार्रवाइयों का सहारा लेता है।
भारत ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही भारत ने एक बार फिर अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया।
तालिबान के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के मुताबिक, पाकिस्तान के हवाई हमले पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में किए गए। इन हमलों में 36 नागरिकों की मौत हुई, जबकि 163 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा तीन रिहायशी मकान भी पूरी तरह नष्ट हो गए।
वहीं, पाकिस्तान ने इन हमलों की पुष्टि करते हुए कहा है कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी, जिसमें जमीनी और हवाई दोनों तरह के अभियान शामिल थे।





