जम्मू-कश्मीर: एलओसी के पास रहस्यमयी धमाका, एक की मौत

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास शनिवार को एक रहस्यमयी धमाका हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना गुलमर्ग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आशा पोस्ट के पास सुमली वाली ढोक इलाके में हुई। मृतक की पहचान जाबिर अहमद बजाद के रूप में हुई है, जो बारामूला जिले के गलिबल, चंदूसा का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जाबिर किसी पुराने गोले (शेल) को उठा रहा था, तभी उसमें विस्फोट हो गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक विस्फोटक की प्रकृति या हादसे के सही कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से सबूत जुटा रहे हैं और विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फिलहाल धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना एलओसी के संवेदनशील इलाके में हुई है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।





